हरियाणा के इन इलाकों में सुबह से आसमान पर छाए काले बादल, आज भी बारिश-ओलावृष्टि की आशंका

हरियाणा के फतेहाबाद में नौतपा के पहले दिन बारिश के साथ ओले गिरे। आज रतिया क्षेत्र में दोपहर को बारिश हुई और बारिश के साथ अलीका व आसपास क्षेत्र में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। दोपहर करीब 2 बजे के आसपास ओले पड़ने शुरू हो गए। फतेहाबाद में छाई काली घटाएं दोपहर बाद बरसने लगी और काफी देर तक मध्यम दर्जे की बारिश होती रही। वहीं जाखल क्षेत्र में बारिश के साथ ओले गिरे। फतेहाबाद के साथ लगते गांव हिजरावां में भी ओलावृष्टि की सूचना है।
मंगलवार रात भी बारिश की गतिविधियां हुई और आंधी चली। बुधवार रात भी कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला। हालांकि बारिश तो नहीं हुई, शाम से ही तेज हवाएं व कुछ क्षेत्रों में अंधड़ चला। आज सुबह से ही आसमान बादलों से घिरा हुआ है और लोगों को गर्मी से निजात मिली हुई है। अगले दो-तीन दिन मौसम ऐसा ही बने रहने की संभावना जताई जा रही है।
क्षेत्र में आज भी अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आसपास बना हुआ है और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के आसपास दर्ज हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों ने 28 मई तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना जताई है। हालांकि आज से शुरू हो रहे नौतपा के दौरान अमूमन भीषण गर्मी पड़ती है। हर वर्ष इन 9 दिनों में लू चलती है, लेकिन इस बार नौतपा के शुरूआती कुछ दिन राहत भरे रहने वाले हैं।