nigamratejob-logo

Haryana News: बिपरजॉय के असर से हरियाणा में प्रभावित हुआ मानसून, अब इस तारीख तक पहुंचने की संभावना

 | 
बिपरजॉय के असर से हरियाणा में प्रभावित हुआ मानसून

Haryana News: हरियाणा में बिपरजॉय तूफान के असर से मानसून की गतिविधियों पर ब्रेक लगा है। इस चक्रवात के कारण सूबे में मानसून की बारिश को लेकर इंतजार और बढ़ गया है। मौसम विभाग ने संभावना जताई थी कि जून के आखिर में मानसून हरियाणा में दस्तक देगा। पहले 25 जून तक मानसून के पहुंचने की संभावना थी लेकिन अब यह बढ़कर 30 जून तक हो गई है।

अधिकतम तापमान में गिरावट होगी दर्ज

चंडीगढ़ मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में हरियाणा में मौसम आमजन को राहत प्रदान करेगा। 25 जून तक बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। हवाओं के साथ बारिश होने से दिन के तापमान में कोई खास बढ़ोतरी नहीं होगी। अधिकतम तापमान 40 डिग्री से कम ही रहने की संभावना है। रात के न्यूनतम तापमान में भी आने वाले दिनों में गिरावट दर्ज होगी।

हरियाणा से विदा हो चुका बिपरजॉय

लगभग दो दिन सक्रिय रहने के बाद बिपरजॉय तूफान हरियाणा से विदाई ले चुका है। इसके चलते आधे हरियाणा में तेज हवाओं के साथ बारिश देखने को मिली है। बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो औसतन 2.1 MM बारिश रिकॉर्ड की गई है। कई स्थानों पर 60 km/ घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चली। सबसे ज्यादा बारिश कुरुक्षेत्र में 19.6 mm दर्ज की गई है।

धान की रोपाई पर पड़ेगा असर

हरियाणा में सामान्य से बारिश कम होने का सबसे ज्यादा असर 15 जून से शुरू हो चुकी धान की रोपाई पर पड़ रहा है। राज्य में इस बार 12 से 15 लाख हेक्टेयर में धान की रोपाई होनी है। बारिश कम होने के कारण तय लक्ष्य में कमी आएगी या देरी होगी। हालांकि अच्छी बात यह है कि जून में कम होने वाली बारिश की भरपाई आने वाले महीनों में हो जाएगी।

सरकारी योजनाएं

सक्सेस स्टोरी