Haryana Weather: हरियाणा के कई हिस्सों में आज सुबह बारिश का दौर शुरू हो गया। हिसार, अंबाला, फतेहाबाद, जींद, फरीदाबाद, सोनीपत, कैथल, रोहतक, झज्जर और कुरुक्षेत्र जैसे जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।
बारिश के कारण कुछ जगहों पर जलभराव की स्थिति भी बन गई। फतेहाबाद के टोहाना के राम नगर इलाके में सड़क पर इतना पानी भर गया कि एक बाइक पानी में ही बंद हो गई।
चरखी दादरी में बीती रात हुई बारिश के चलते हालात और खराब हो गए। DC और SP के आवास के बाहर पानी भर गया, जिससे आवागमन में परेशानी हुई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), चंडीगढ़ ने सुबह 10:30 बजे तक के लिए गुरुग्राम, झज्जर, रोहतक, हिसार, फतेहाबाद, जींद, कैथल और कुरुक्षेत्र में मध्यम बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने चेतावनी दी है कि इन जिलों में 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है।